ਪੰਜਾਬਲੁਧਿਆਣਾ

गुरु दिवस‘ के रूप में मनाया गया हजूर बाबा सावन सिंह जी महाराज का 167वां प्रकाश दिवस

सावन कृपाल रूहानी मिशन की लुधियाना शाखा की ओर से हजूर बाबा सावन सिंह जी महाराज का 167वां प्रकाश दिवस 27 जुलाई, 2025 को ’गुरु दिवस‘ के रूप में 64 रखबाग स्थित कृपाल आश्रम में बड़ी ही धूमधाम से मनाया गया। जिसमें सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
प्रकाश दिवस के इस कार्यक्रम में सावन कृपाल रूहानी मिशन के अध्यक्ष संत राजिन्दर सिंह जी महाराज ने विडियो सत्संग में फ़रमाया कि, ”हम सब बहुत ही खुशनसीब हैं कि हजूर बाबा सावन सिंह जी महाराज ने हमें अध्यात्म के रास्ते पर चलाकर ध्यान-अभ्यास करने का तरीका सिखाया, जिससे कि हम अपने अंतर में प्रभु की ज्योति और श्रुति का अनुभव कर सकते हैं। ऐसे संत-महापुरुष हमें परमात्मा से जोड़ने के लिए इस दुनिया में आते हैं।
हजूर बाबा सावन सिंह जी महाराज ने लाखों लोगों को मनुष्य जीवन के वास्तविक उद्देश्य अपने आपको जानना और पिता-परमेश्वर को पाना के विषय में न केवल समझाया बल्कि उन्हें इसका अनुभव भी प्रदान किया। वे फ़रमाया करते थे कि हम सब प्रभु को इसी जीवन में पा सकते हैं और अपने मनुष्य जीवन के परम उद्देश्य को पूरा कर सकते हैं। उनके बताए हुए रास्ते को हम अपनी ज़िंदगी में ढालें, तभी हम सही मायने में उनके प्रकाश दिवस को मनाने के लायक होंगे।
प्रकाश दिवस के इस अवसर पर हजूर बाबा सावन सिंह जी महाराज की एक मनमोहक विडियो फिल्म भी प्रसारित की गई, जिसमें उनके द्वारा लाखों लोगों पर रूहानियत की बरखा करते हुए दिखाया गया था। इस मौके पर उपस्थित अनेक भाई-बहनों ने हजूर बाबा सावन सिंह जी महाराज की मीठी प्यार भरी याद में शब्द-कीर्तन और कव्वालियों का भी गायन किया गया। इस शुभ अवसर पर सैकड़ों की संख्या में भाई-बहन उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी भाई-बहनों को ध्यान-अभ्यास की बैठक पर बिठाया गया और उसके पश्चात लंगर प्रसाद भी समस्त संगत में वितरण किया गया।
हजूर बाबा सावन सिंह जी महाराज का जन्म 27 जुलाई, 1858 में ग्राम महिमा सिंह वाला, जिला लुधियाना में हुआ। हजूर बाबा सावन सिंह जी महाराज ने अपने उपदेशों द्वारा समझाया कि प्रत्येक इंसान पिता-परमेश्वर का अंश होने के नाते उसे पा सकता है, जोकि हमारे मनुष्य जीवन का मुख्य उद्देश्य है। उनके पश्चात परम संत कृपाल सिंह जी महाराज और दयाल पुरुष संत दर्शन सिंह जी महाराज ने उनके रूहानियत के इस कार्य को दुनिया के कोने-कोने में फैलाया और आज भी उसी रूहानी कार्य को सावन कृपाल रूहानी मिशन के अध्यक्ष परम पूजनीय संत राजिन्दर सिंह जी महाराज विश्वभर में अनेक यात्राएं कर जन-जन तक पहुंचा रहे हैं।

कृपाल आश्रम लुधियाना के सचिव निर्मल सिंह भाटिया ने बताया कि सावन कृपाल रूहानी मिशन के अध्यक्ष संत राजिन्दर सिंह जी महाराज आज संपूर्ण विश्व में ध्यान-अभ्यास द्वारा प्रेम, एकता व शांति का संदेश प्रसारित कर रहे हैं, जिसके फलस्वरूप उन्हें विभिन्न देशों द्वारा अनेक शांति पुरस्कारों व सम्मानों के साथ-साथ पाँच डॉक्टरेट की उपाधियों से भी सम्मानित किया जा चुका है।

सावन कृपाल रूहानी मिशन के संपूर्ण विश्व में लगभग 3200 से अधिक केन्द्र स्थापित हैं तथा मिशन का साहित्य विश्व की 55 से अधिक भाषाओं में प्रकाशित हो चुका है। इसका मुख्यालय विजय नगर, दिल्ली में है तथा अंतर्राष्ट्रीय मुख्यालय नेपरविले, अमेरिका में स्थित ਹੈ

MSB
the authorMSB