ਪੰਜਾਬਭਾਰਤ

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर राहुल गांधी का बयान, छात्रों को दी बधाई; पीएम से माफी और कार्रवाई की मांग दोहराई

नई दिल्ली: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने इसे देश के शिक्षा तंत्र को सुधारने की दिशा में एक बड़ा कदम बताया। उन्होंने देशभर के छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि लोकतंत्र, संविधान और अपने भविष्य की रक्षा के लिए शांतिपूर्ण एवं संवैधानिक तरीके से संघर्ष करने वाले युवाओं ने एक महत्वपूर्ण उदाहरण पेश किया है।

राहुल गांधी ने अपने बयान में कहा कि “धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा हमारे एजुकेशन सिस्टम को फिर से संवारने की दिशा में बहुत बड़ा कदम है। शाबाश देश भर के छात्रों, आप सभी पर गर्व है।” उन्होंने कहा कि सड़कों पर उतरकर अपने अधिकारों की आवाज उठाने वाले हर छात्र और युवा को बधाई मिलनी चाहिए।

हालांकि उन्होंने कहा कि छात्रों की दो प्रमुख मांगें अभी भी पूरी नहीं हुई हैं। राहुल गांधी के अनुसार, प्रधानमंत्री को छात्रों और देश के भविष्य का सम्मान करते हुए सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। साथ ही, छात्र आंदोलन के दौरान हुई कथित हिंसा के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

अपने बयान में राहुल गांधी ने किसानों, मजदूरों, गरीबों और अन्य वर्गों का भी उल्लेख करते हुए कहा कि जिन लोगों ने खुद को सरकार की नीतियों से प्रभावित महसूस किया है, उन्हें अपने सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए संवैधानिक एवं लोकतांत्रिक तरीकों से डटकर खड़ा होना चाहिए।

उन्होंने अंत में केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अब इस सरकार को बदलने का समय आ गया है और लोगों से अपील की कि वे बिना डर के लोकतांत्रिक अधिकारों का प्रयोग करें।

राहुल गांधी का यह बयान ऐसे समय आया है जब छात्र आंदोलन और शिक्षा व्यवस्था को लेकर देशभर में राजनीतिक बहस तेज है।

 

MSB
the authorMSB